चंडीगढ़ का रॉक गार्डन विश्व-प्रसिद्ध पर्यटन स्थल होने के साथ-साथ पद्मश्री स्वर्गीय नेक चंद की अद्वितीय कल्पनाशीलता, रचनात्मकता एवं कलात्मक उत्कृष्टता का जीवंत प्रतीक है। रॉक गार्डन अपनी स्थापना के 50 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 24 जनवरी 2026 (शनिवार) को अपनी स्वर्ण जयंती मनाने जा रहा है। यह अवसर शहर के सबसे प्रतिष्ठित एवं पहचान बने स्थलों में से एक के पांच दशकों की गौरवशाली यात्रा को चिह्नित करेगा।
रॉक गार्डन की 50वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में 24 जनवरी 2026 को सेक्टर-1, चंडीगढ़ स्थित रॉक गार्डन परिसर में विभिन्न सांस्कृतिक एवं जनसहभागिता आधारित कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
स्वर्ण जयंती समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं पद्मश्री स्वर्गीय नेक चंद की मोम प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करने के साथ किया जाएगा। यह श्रद्धांजलि मुख्य अतिथि श्री मंडीप सिंह बराड़, गृह सचिव-सह-अध्यक्ष, रॉक गार्डन सोसायटी, चंडीगढ़ द्वारा मुख्य अभियंता, चंडीगढ़ प्रशासन; अधीक्षण अभियंता-सह-सदस्य सचिव, रॉक गार्डन सोसायटी; समिति सदस्यों एवं अन्य गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति में अर्पित की जाएगी।
समारोह के दौरान आम जनता हेतु म्यूजिकल चेयर प्रतियोगिता एवं गायन प्रतियोगिता जैसे मनोरंजक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
समारोह का मुख्य आकर्षण लोक नृत्य प्रस्तुतियां होंगी, जिनमें भांगड़ा, जिंदुआ, घूमर, फाग, सिरमौरी नाटी, लांबड़ा, डोगरी, जागरना, बरसाना की होली एवं मयूर नृत्य शामिल हैं। ये प्रस्तुतियां 24 जनवरी 2026 को रॉक गार्डन के फेज-III में नॉर्थ ज़ोन कल्चरल सेंटर (NZCC) के सहयोग से आयोजित की जाएंगी।
इसके अतिरिक्त, पारंपरिक एवं लोक कला को प्रोत्साहित करने हेतु बाज़ीगर, नाचर, बीन-जोगी, स्टिक वॉकर तथा कठपुतली (पपेट शो) जैसे मेल कलाकारों द्वारा भी प्रस्तुति दी जाएगी।
उक्त सभी कार्यक्रमों का आयोजन सोसायटी फॉर मेंटेनेंस एंड डेवलपमेंट ऑफ रॉक गार्डन, चंडीगढ़ द्वारा नॉर्थ ज़ोन कल्चरल सेंटर (NZCC) के समन्वय से किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य रॉक गार्डन की स्वर्ण जयंती को गरिमामय, सांस्कृतिक रूप से समृद्ध एवं अविस्मरणीय बनाना है।

पद्मश्री स्वर्गीय नेक चंद


