झारखंड के रामगढ़ थाना क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग पर चुटूपाली घाटी में भीषण सड़क हादसे में एक पुलिस पदाधिकारी समेत तीन यात्रियों को मौत हो गई। इस घटना में करीब दो दर्जन यात्रियों के घायल होने की सूचना है। यह घटना तड़के सुबह की बताई जा रही है। मिली जानकारी के अनुसार यात्री बस बिहार के बख्तियारपुर से रांची आ रही थी। इसमें 50 से अधिक यात्री सवार थे। चुटूपाली घाटी में तेजी से जा रही एक ट्रेलर की भिड़ंत में बस पलट गई। इस घटना में बस के परखच्चे उड़ गए। घटना इतनी भयावह थी कि घायल यात्री बीच सड़क पर फैल गए। अहले सुबह सड़क पर कोहराम मच गया। पटना_रांची मार्ग बाधित हो गया। वाहनों की लंबी कतारें लग गई। घटना की सूचना मिलते ही रामगढ़ पुलिस स्थल पर पहुंच कर एनएच एआई के एंबुलेंस से सभी घायलों को रामगढ़ अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
रामगढ़ में सड़क हादसे में पुलिसकर्मी समेत 3 यात्रियों की मौत, 24 घायल
Published Date: 25-04-2023