उत्तर पूर्वी दिल्ली से मनोज तिवारी को टक्कर देने मैदान में उतरे कन्हैया कुमार

कांग्रेस ने 10 और सीटों पर किया उम्मीदवारों का एलान, जानें उत्तर पूर्वी दिल्ली से मनोज तिवारी को टक्कर देने मैदान में उतरे कन्हैया कुमार

नई दिल्ली : लोकसभा चुनाव 2024 के लिए कांग्रेस ने 10 नामों की 13वीं सूची जारी की है। कांग्रेस ने उत्तर पूर्वी दिल्ली से इस बार मनोज तिवारी के खिलाफ कन्हैया कुमार को उतार दिया है। कांग्रेस ने 13वीं लिस्ट में कुल 10 प्रत्याशियों का एलान किया है। दिल्ली की चांदनी चौक सीट से जेपी अग्रवाल, उत्तर पूर्वी दिल्ली से कन्हैया कुमार, उत्तर पश्चिम दिल्ली से उदित राज को टिकट दिया गया है।इसके अलावा पंजाब की 6 सीटों पर भी कांग्रेस ने अपने उम्मीदवारों का एलान किया है। पंजाब की अमृतसर सीट पर गुरजीत सिंह औजला, जालंधर से पूर्व सीएम चरणजीत सिंह चन्नी, फतेहगढ़ साहिब से अमर सिंह, भटिंडा से जीत मोहिंदर सिंह सिद्धू, संगरूर से सुखपाल सिंह खैरा और पटियाला से डॉ। धर्मवीर गांधी को टिकट दिया गया है। इसके अलावा उत्तर प्रदेश की इलाहाबाद सीट पर उज्ज्वल रेवती रमन सिंह पर भरोसा जताया गया है।
बताते चलें कि, बेगूसराय की सीट वामदलों के खाते में जाने के बाद से ही चर्चा थी कि कन्हैया कुमार को दिल्ली की किसी सीट से उतारा जा सकता है। वहीं बात करें उत्तर पूर्वी दिल्ली की तो मनोज तिवारी यहां पहले से भी सांसद हैं। वहीं दिल्ली की सात सीटों में से इस बार केवल इसी सीट पर भाजपा ने उम्मीदवार रिपीट किया है। ऐसे में यह सीट इंडिया गठबंधन के लिए भी अहम है। आपको बता दें कि, कन्हैया कुमार 2019 में बेगूसराय की सीट पर भाकपा के टिकट पर चुनाव लड़े थे, लेकिन उन्हें हार नसीब हुई थी।
एक दिन पहले ही कांग्रेस ने उम्मीदवारों की 12वीं सूची जारी की थी, जिसमें 16 उम्मीदवारों का एलान किया गया था। कांग्रेस ने हिमाचल प्रदेश की मंडी सीट पर भाजपा की कंगना रनौत के खिलाफ विक्रमादित्य सिंह को उतारा है।
वहीं चंडीगढ़ सीट पर पवन बंसल का टिकट काटकर मनीष तिवारी पर भरोसा जताया गया है। इस लिस्ट में ओडिशा के 9 उम्मीदवारों के नाम शामिल किए गए थे। इसके अलावा गुजरात में पांच विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव के लिए भी कांग्रेस ने प्रत्याशियों का एलान कर दिया है।

Related Posts

About The Author