शादी की खुशी गम में बदली: दर्दनाक सड़क हादसे में 9 दोस्तों की मौत

मध्यप्रदेश : राजगढ़ में रातभर अपने दोस्त की शादी की खुशी में उसके दोस्त खूब नाचे। रात करीब 2 बजे तक उनका नाचने का क्रम चलता रहा। इसके बाद वह अपने घर जाने के लिए डूंगरी गांव से रवाना हो गए। तब ही रात 3 बजे राजस्थान में अकलेरा के पास उनकी कार एक ट्राले से टकरा गई। इस हादसे में 9 दोस्तों की मौत हो गई व एक घायल हो गया। घटना के बाद से ही शादी वाले परिवारों व मृतकों के परिवारों में दुख का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक राजस्थान की बारात राजगढ़ जिले में माचलपुर थाने के डूंगरी गांव आई थी। ग्राम डूंगरी की रहने वाली आशा 19 वर्ष का रिश्ता राजस्थान के अकलेरा निवासी विजय बागरी के साथ तय हुआ था। रात करीब 8 बजे अकलेरा से बारात डूंगरी गांव पहुंची थी। इसके बाद बरातियों को खाना खिलाया गया। इसके बाद जहां खेत में बरात ठहराई थी वहां से विवाह स्थल के लिए बारात पहुंचने के लिए डीजे के साथ बरात शुरू हुई। बरात में शामिल लोग डीजे के साथ नाचते हुए रात करीब 11 बजे विवाह स्थल पर पहुंचे।इस बीच दूल्हा के दोस्तों ने पूरी रात खूब डांस किया और अपने मित्र के विवाह को हरदम यादगार बनाने की कोशिश की। इसके बाद रात करीब 2 बजे दोस्त वापस घर अकलेरा जाने के लिए 10 दोस्त कार में सवार होकर डूंगरी से रवाना हो गए। तब ही राजस्थान में अकलेरा के समीप जयपुर-जबलपुर हाइवे पर उनकी कार व ट्राले की जोरदार भिडंत हो गई। हादसे में नौ दोस्तों की मौत हो गई, जबकि एक घायल हो गया था। हादसे के बाद अकलेरा राजस्थान में सात दोस्तों की अर्थियां एक साथ निकली, तो हर किसी की रूह कांप उठी।

जोरदार टक्कर के कारण वाहन के उड़े परखच्चे

बताया जा रहा है कि हादसा इतना भीषण था कि ट्राले से टक्कर होने के साथ ही वाहन के परखच्चे उड़ गए। बरातियों की कार बुरी तरह से दुर्घटनाग्रस्त हो गई। छोटी गाड़ी होने के कारण कार में सवार लोगों को बचने का भी मौका नहीं मिला और 10 में से 9 लोगों की जान चली गई। हादसे के बाद से ही इधर डुंगरी गांव में तो उधर अकलेरा में दुख का माहौल व्याप्त था।

Related Posts

About The Author