रात में पंचायत में हुई शादी,सुबह दुल्हे का शव बरामद, ससुराल वालों पर हत्या की प्राथमिकी दर्ज…

झारखंड:राजधानी राँची में भरी पंचायत में देर रात शादी हुई,सुबह दुल्हा देवेश महतो (20) का शव उसके घर के पीछे फांसी से लटका हुआ पुलिस ने बरामद किया है।मामले में मृतक के भाई ने ससुराल वालों पर हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई है।यह मामला टाटीसिलवे थाना क्षेत्र अंतर्गत राढुजारा का है।

मिली जानकारी के अनुसार देवेश महतो की शादी नामकुम के लाली कोयनारटोली निवासी जेठू महतो की बेटी से 13 मई को तय हुई थी।इसी बीच देवेश को पता चला की उसकी होने वाली पत्नी का होरहाप के युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा है।जिसकी वजह से देवेश ने शादी से इंकार कर दिया था।इसे लेकर लड़की पक्ष के द्वारा मंगलवार को कोयनारटोली में पंचायत बुलाई गई। जिसमें देवेश एवं उनके परिजन को भी बुलाया गया।

पंचायत ने सुनाया शादी करने का फरमान

बताया जाता है कि पंचायत ने दोनों की शादी का फैसला सुनाया। जिसके बाद देर रात तक दोनों की शादी कराई गई। देवेश रात में अपने ससुराल में ही रह गया।बुधवार की सुबह चार बजे देवेश महतो शौच जाने की बात कहकर ससुराल से निकला था। कुछ देर बाद देवेश के घर के पीछे बने पुआल के लिए बने मचान से देवेष का शव लटकता मिला।

मृतक के परिजनों ने लड़की के परिजनों पर हत्या करने का मामला दर्ज कराया
इधर मामले में देवेश के भाई ने लड़की के पिता जेठू महतो,भाई,जीजा सहित अन्य पर हत्या का आरोप लगाया है।भाई के अनुसार देवेश की हत्या करने के बाद शव को उसके घर लाकर मचान से फांसी पर लटकाया गया है।जिससे सभी आत्महत्या समझे।
इस मामले में थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर मनोज कुमार ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है मामले की जांच चल रही है। पोस्टमार्टम करा शव परिजनों को सौंप दिया गया है।पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट हो पाएगा।

Related Posts

About The Author