सलमान खान पर हमला करने की थी साजिश ; AK-47 से छलनी करने का था प्लान, लॉरेंस बिश्नोई गैंग के 4 शूटर गिरफ्तार

मुंबई: बॉलीवुड एक्टर सलमान खान को मारने की कोशिश के एक और प्लान को मुंबई पुलिस ने नाकाम कर दिया है। नवी मुंबई पुलिस ने लॉरेंस बिश्नोई के गिरोह के चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि ये लोग लॉरेंस बिश्नोई गैंग से थे और उन्होंने पनवेल में सलमान खान की गाड़ी पर हमले का प्लान किया था। गिरफ्तार किए गए चारों आरोपी लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के सदस्य हैं।
जानकारी के लिए आपको बता दें कि, कुछ दिनों पहले ही बॉलीवुड के सुपरस्टार सलमान खान के गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर फायरिंग हुई थी हालाँकि इस घटना के बाद दबंग खान की सुरक्षा काफी बढ़ा दी गई है। अब पुलिस ने लॉरेंस बिश्नोई के गिरोह के 4 लोगों को गिरफ्तार किया है जो पनवेल में सलमान खान की कार पर हमला करने की योजना बना रहे थे।
पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए इन बदमाशों की पहचान धनंजय उर्फ अजय कश्यप, गौरव भाटिया उर्फ न्हाई, वासपी खान उर्फ ​​वसीम चिकना और जीशान खान उर्फ जावेद खान के तौर पर हुई है। कार को छलनी करने के लिए पाकिस्तान से सप्लायर के जरिए हथियार मंगवाने की भी साजिश रची जा रही थी। मामले में पुलिस ने अब तक लॉरेंस बिश्नोई, अनमोल बिश्नोई, गोल्डी बराड़, संपत नेहरा समेत 17 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।
पुलिस का कहना है कि खुफिया सूचना पर काम करते हुए पुलिस अब तक 4 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस को आरोपियों के मोबाइल से कई वीडियोज भी मिले हैं। चारों के खिलाफ IPC की धारा 115, 120 (B), 506 के तहत मामला दर्ज किया गया है। इससे पहले, बीते 14 अप्रैल को भी सलमान खान के बांद्रा स्थित गैलेक्सी अपार्टमेंट के सामने सुबह पांच बजे फायरिंग की गई थी।

Related Posts

About The Author