केंद्र-राज्य सरकार की विफलताओं से जनता को कराएंगे वाकिफ: कुमारी सैलजा

चंडीगढ़ : अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सिरसा से लोकसभा सांसद कुमारी सैलजा ने कहा कि 27 जुलाई को अंबाला से शुरू होने वाली कांग्रेस संदेश यात्रा के जरिए प्रदेश के लोगों को केंद्र व राज्य सरकार की विफलताओं से अवगत कराया जाएगा। यात्रा के जरिए भाईचारे, एकता, प्रेम और सौहार्द के माहौल व 36 बिरादरी के सम्मान की रक्षा का मजबूत संदेश दिया जाएगा। प्रदेश के हर वर्ग एवं क्षेत्र के हितों की रक्षा के लिए विश्वसनीय संघर्ष का वायदा किया जाएगा।

मीडिया को जारी बयान में कुमारी सैलजा ने कहा कि यात्रा के दौरान पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता चौधरी बीरेंद्र सिंह, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव, कर्नाटक के प्रभारी एवं राज्यसभा सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला समेत हरियाणा कांग्रेस के विभिन्न नेता साथ रहेंगे। उन्होंने बताया कि कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व, राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, पूर्व अध्यक्ष एवं विपक्ष के नेता राहुल गांधी का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के लिए फिर से कांग्रेस संदेश यात्रा शुरू की जा रही है। प्रदेश के लोगों को बताया जाएगा कि किस तरह से अहंकारी एवं तानाशाह शासक की जन विरोधी गतिविधियों के कारण आज देश में लोकतांत्रिक संकट खड़ा कर दिया गया है। देश में धार्मिक भावनाएं व सांप्रदायिक उन्माद फैलाकर सत्ता पर काबिज रहने का कुचक्र रचा जा रहा है। इससे जनतंत्र में जन की भावनाएं आहत हो रही हैं। पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा कि देश की आर्थिक स्थिति पूरी तरह से डांवांडोल है। देश में भीषण महंगाई, बेरोजगारी, भय और भ्रष्टाचार का आलम है। जनता को यह संदेश पहुंचाने के लिए प्रदेश में कांग्रेस संदेश यात्रा निकाली जा रही है। कांग्रेस के निष्ठावान कार्यकर्ता इस यात्रा के दौरान आम नागरिकों, युवाओं, किसानों और मजदूरों के साथ-साथ विभिन्न समाज सहयोगी व गैर राजनीतिक संगठनों से मिलेंगे और उनकी तकलीफों को समझने के साथ लोगों को एहसास कराया जाएगा कि कांग्रेस सदैव ही आम जनता के साथ खड़ी रहकर देश एवं प्रदेश की प्रगति के लिए काम करती रही है।

कुमारी सैलजा ने कहा कि कांग्रेस संदेश यात्रा के माध्यम से कांग्रेस यह भी बताएगी कि पार्टी ने अपने जन सहभागी शासन में किस तरह से देश और प्रदेश को मजबूत करने का काम किया। आजादी के बाद कांग्रेस को देश की एक बिखरी हुई तस्वीर मिली थी। देश एकदम खाली था लेकिन कांग्रेस ने इन चुनौतियों को स्वीकार करते हुए देश की आर्थिक स्थिति मजबूत की और इतनी प्रगति हुई कि देश पूरी दुनिया में मजबूत हुआ। पूर्व कंद्रीय मंत्री ने कहा कि कांग्रेस संदेश यात्रा प्रदेश के शहरी इलाकों में जाकर जनता के संघर्ष की आवाज बनेगी। जन भावनाओं के साथ एक सशक्त भारत के निर्माण में हरियाणा प्रदेश की महत्वपूर्ण भूमिका सुनिश्चित करने के लिए कांग्रेस संदेश यात्रा मजबूत आधार तैयार करेगी। प्रदेश की संघर्षशील, कर्मठ, निष्पक्ष और निर्भीक जनता से आह्वान किया जाएगा कि राष्ट्र निर्माण, स्वच्छ प्रशासन, भेदभाव रहित-भ्रष्टाचार मुक्त राजनीति और प्रशासन कायम करने के लिए विधानसभा चुनाव में कांग्रेस का साथ दें।

Related Posts

About The Author