बिलासपुर: तखतपुर के कठमुंडा में घूम रहे बाघ ने खेत जा रहे एक ग्रामीण पर हमला कर दिया, दूसरे किसानों के शोर मचाने पर बाघ भाग निकला, घायल ग्रामीण को उपचार के लिए सिम्स में भर्ती किया गया है। डीएफओ ने तखतपुर में बाघ के पग मार्क देखने के बाद इसकी पुष्टि करते हुए इस गांव के अलावा आसपास के गांवों में अलर्ट जारी किया है। जानकारी के अनुसार बिलासपुर वन मंडल के तखतपुर वन परिक्षेत्र अंतर्गत कठमुंडा में गुरुवार की सुबह गांव का एक किसान शिवकुमार जायसवाल अपने खेत में पानी डालने जा रहा था। इस दौरान अचानक झाड़ियों से निकले बाघ ने शिवकुमार पर हमला कर दिया, जिससे उसके के सिर, हाथ और पैर में गंभीर चोट पहुंची।
किसान पर हमला होते हुए देख ग्रामीणों ने शोर मचाना शुरु कर दिया, जिससे बाघ वहां से भाग निकला। ग्रामीणों ने घायल को प्राथमिक उपचार के लिए तखतपुर हास्पिटल में भर्ती किया, डाॅक्टरों ने मरहम पट्टी करने के बाद घायल शिवकुमार जायसवाल को सिम्स में रिफर कर दिया, जहां उसका उपचार किया जा रहा है। बाघ के अचानक किसान पर हुए हमले से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है। लोग अब अपने खेतों में जाने से घबरा रहे हैं।बाघ घटना की सूचना मिलते ही बिलासपुर वन मंडल के वन मंडलाधिकारी सत्यदेव शर्मा ने तत्काल स्टाफ को निगरानी करने के साथ अलर्ट रहने का आदेश जारी कर दिया। पग मार्ग के अनुसार शुरुआत में टाइगर के स्थान पर उसके लकड़बग्घा होने की आशंका व्यक्त की जा रही थी। दोपहर 1 बजे तखतपुर वन परिक्षेत्र के साथ कानन पेण्डारी मीडियम जू, अचानकमार टाइगर रिजर्व और बिलासपुर वन मंडल का अमला बाघ की खोजबीन करता रहा। दोपहर डेढ़ बजे डीएफओ सत्यदेव शर्मा ने मौके पर पहुंचकर जांच में पगमार्क बाघा के होने की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि खेत से कुछ किलोमीटर की दूरी पर झाड़ियों में बाघ को आराम करते हुए देखा गया है। सूचना मिलते ही तत्काल टीम को निगरानी करने के अलावा ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह की दी है।