सैनिक की पिटाई और जेल भेजने का मामले में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह दिए जांच के आदेश

Published Date: 17-03-2025

जमशेदपुर : जुगसलाई थाना में एक सैनिक की पिटाई और फिर उसे जेल भेजने का मामला तूल पकड़ चुका है। इस घटना को केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने गंभीरता से लिया है और मामले की जांच के आदेश दिए हैं।

इस संबंध में रांची से सैन्य अधिकारियों की एक टीम जमशेदपुर पहुंची और जिला प्रशासन के अधिकारियों से मुलाकात कर अपनी आपत्ति दर्ज कराई। सेना के अधिकारियों ने इस घटना को अनुचित बताते हुए दोषी पुलिस अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है।

जांच में जुटी झारखंड पुलिस, डीआईजी कोल्हान पहुंचे जुगसलाई थाना

झारखंड पुलिस ने भी मामले की जांच शुरू कर दी है। डीआईजी कोल्हान मनोज चोथे स्वयं मामले की जांच करने जुगसलाई थाना पहुंचे हैं। उनके साथ एसएसपी किशोर कौशल और सिटी एसपी शिवाशीष भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने घटना से जुड़े थानेदार और अन्य पुलिसकर्मियों की भूमिका की गहनता से जांच शुरू कर दी है।

पूर्व सैनिकों का विरोध प्रदर्शन, मामला उच्चस्तरीय जांच में पहुंचा

इस घटना के विरोध में पूर्व सैनिकों का गुस्सा भड़क उठा है। उन्होंने इस मामले को लेकर जमशेदपुर में विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया है। बढ़ते दबाव और सेना के कड़े रुख को देखते हुए प्रशासन की मुश्किलें बढ़ गई हैं।

फिलहाल, यह मामला उच्चस्तरीय जांच के दायरे में आ चुका है और प्रशासन पर कड़ी कार्रवाई का दबाव बढ़ता जा रहा है।

Related Posts

About The Author