ईरान के भूमिगत परमाणु केंद्र पर फिर हुआ हमला, भारी नुकसान

Published Date: 23-06-2025

ईरान के फोर्डो स्थित भूमिगत परमाणु केंद्र पर फिर हमला हुआ है। एपी ने ईरान के सरकारी टेलीविजन के हवाले से यह खबर दी है। यह खबर ऐसे समय पर आई है जब संयुक्त राष्ट्र परमाणु निगरानी संस्था के प्रमुख ने सोमवार को कहा कि इस सप्ताहांत में अमेरिका की ओर से अत्याधुनिक बंकर-बस्टर बमों से किए गए हवाई हमले के बाद फोर्डो में ईरान के भूमिगत प्रतिष्ठान को “बहुत भारी क्षति” होने की आशंका है। अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी के प्रमुख राफेल मारियानो ग्रॉसी ने वियना में यह बयान दिया है।

ईरानी मीडिया के मुताबिक यह हमले ठीक उसी जगह पर किए गए हैं जहां पर पहले अमेरिका ने हमला किया था। वहीं अलजजीरा की रिपोर्ट के मुताबिक इन हमलों में उन ठिकानों के आसपास रहने वालों को कोई नुकसान नहीं हुआ है। दूसरी तरफ अपने परमाणु ठिकानों पर लगातार होते हमलों के बीच ईरान ने कहा है कि वह अपने परमाणु कार्यक्रम को नहीं रोकेगा। इस बीच इजरायल की सेना ने कहा है कि ईरान ने एक ड्रोन को मार गिराया है। सेना ने यह भी कहा कि 15 लड़ाकू विमानों ने इराक की सीमा से सटे पश्चिमी ईरान में मिसाइल लांचर और भंडारण स्थलों पर हमला किया है। इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा कि इजरायल, ईरान के परमाणु और मिसाइल खतरों को दूर करने के ‘‘अपने लक्ष्यों को प्राप्त करने के बेहद करीब है।’’

Related Posts

About The Author