एयर इंडिया के दो विमानों में तकनीकी गड़बड़ी सामने आई, एक की इमरजेंसी लैंडिंग,दूसरी फ्लाइट रद्द

Published Date: 23-06-2025

नई दिल्ली: एयर इंडिया के विमानों में तकनीकी गड़बड़ियों के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। अहमदाबाद विमान हादसे के बाद से एयरलाइन सतर्क हो गई है और अपने सभी विमानों की जांच कर रही है। इसी क्रम में रविवार को एयर इंडिया के दो विमानों में गड़बड़ी सामने आई, जिससे यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ा।

दिल्ली से कोच्चि जा रही एयर इंडिया की एक फ्लाइट को ईंधन की कमी के कारण तिरुवनंतपुरम एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी। अधिकारियों के अनुसार, विमान ने सुरक्षित लैंडिंग की और ईंधन भरने के बाद कोच्चि के लिए रवाना हो गया।

इसी दिन दिल्ली से त्रिवेंद्रम पहुंची एक अन्य फ्लाइट में पक्षी टकराने की घटना हुई। पायलट ने त्रिवेंद्रम में लैंडिंग से पहले कंट्रोल टॉवर को इसकी जानकारी दी। विमान सुरक्षित उतारा गया, लेकिन औपचारिक जांच लंबित रहने के कारण यही विमान जब दिल्ली वापस लौटने वाला था, तो उसकी फ्लाइट रद्द कर दी गई। इस वजह से यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।

गौरतलब है कि 12 जून को अहमदाबाद से लंदन जा रही एयर इंडिया की एक फ्लाइट भयानक हादसे का शिकार हो गई थी। उस हादसे में 241 यात्रियों सहित 270 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है और आंकड़ा 300 तक पहुंचने की आशंका है। हादसे के बाद एयर इंडिया ने अपने सभी विमानों की तकनीकी जांच शुरू की है, जिसमें कई कमियां और लापरवाहियाँ सामने आई हैं।

एयर इंडिया के प्रवक्ताओं के अनुसार, यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए सभी विमानों की जांच की जा रही है और जरूरी सुधार के बाद ही उड़ानों को मंजूरी दी जा रही है। इसी वजह से हाल के दिनों में कई फ्लाइट्स को रद्द भी किया गया है।

Related Posts

About The Author