ऑनलाइन गेमिंग पर बैन का बड़ा असर, अब ये बिजनेस शुरु करेगा Dream11

Published Date: 24-08-2025

नई दिल्ली: लोकप्रिय गेमिंग प्लेटफॉर्म ड्रीम11 (Dream11) की पेरेंट कंपनी ड्रीम स्पोर्ट्स अब फाइनेंशियल सर्विस सेक्टर में कदम रखने जा रही है। सूत्रों के अनुसार, कंपनी ‘ड्रीम मनी’ (Dream Money) नाम से एक नए ऐप की टेस्टिंग कर रही है, जिसे ‘ड्रीम सूट फाइनेंस’ ब्रांड के तहत लॉन्च किया जाएगा। यह कदम सरकार द्वारा इसी हफ्ते पैसा आधारित सभी ऑनलाइन गेम्स पर प्रतिबंध लगाने के बाद उठाया गया है।

क्या है ‘ड्रीम मनी’ ऐप ?

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, ‘ड्रीम मनी’ ऐप फिलहाल टेस्टिंग के चरण में है और इसे अभी आधिकारिक तौर पर लॉन्च नहीं किया गया है। गूगल प्ले स्टोर पर दी गई जानकारी बताती है कि यह ऐप यूजर्स को न्यूनतम 10 रुपये में सोना खरीदने और 1000 रुपये से फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) करने जैसी वित्तीय सेवाएं प्रदान करेगा। इस ऐप को ड्रीम स्पोर्ट्स की यूनिट ‘ड्रीमसूट’ ने जारी किया है, जो अपनी वेबसाइट पर जल्द ही ‘निर्बाध वित्तीय सेवाएं’ शुरू करने का वादा कर रही है।

क्यों बदलना पड़ा बिजनेस मॉडल ?

यह रणनीतिक बदलाव सरकार के उस फैसले के बाद आया है, जिसके तहत पैसों से खेले जाने वाले सभी ऑनलाइन गेम्स पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। संसद ने इसी हफ्ते गुरुवार को राज्यसभा में इससे जुड़ा विधेयक बिना बहस के पारित कर दिया था। सरकार का मानना है कि ऑनलाइन मनी गेमिंग एक गंभीर सामाजिक और जन स्वास्थ्य समस्या बन गई है। इस प्रतिबंध के कारण ड्रीम11 को अपने सभी पैसा-आधारित गेम बंद करने पड़े हैं।

हालांकि, सरकार ई-स्पोर्ट्स और सोशल गेमिंग को बढ़ावा देने पर जोर दे रही है ताकि भारत को गेम डेवलपमेंट का एक वैश्विक केंद्र बनाया जा सके। प्रतिबंध के बावजूद, ड्रीम स्पोर्ट्स अपने अन्य बिजनेस जैसे खेल अनुभव प्लेटफॉर्म ‘ड्रीम सेट गो’, टिकटिंग प्लेटफॉर्म ‘फैनकोड’ और गेम डेवलपमेंट यूनिट ‘ड्रीम गेम स्टूडियो’ का संचालन जारी रखेगी।

Related Posts

About The Author