मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनी बाद, माता वैष्णो देवी यात्रा स्थगित

Published Date: 06-10-2025

मौसम विभाग द्वारा भारी बारिश और भूस्खलन की चेतावनी जारी किए जाने के बाद श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने 5 से 7 अक्टूबर तक मां वैष्णो देवी की यात्रा स्थगित कर दी है। इसके चलते रविवार को मां वैष्णो देवी भवन, यात्रा मार्ग, आद्कुंवारी मंदिर परिसर और दर्शनी ड्योढ़ी क्षेत्र पूरी तरह वीरान नजर आए।

हालांकि, देशभर से कटरा पहुंचे करीब तीन से चार हजार श्रद्धालु अभी भी कटरा में रुके हुए हैं और यात्रा शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं। शनिवार रात श्राइन बोर्ड ने पंजीकरण केंद्रों को सामान्य समय से दो घंटे पहले, यानी रात आठ बजे ही बंद कर दिया, जिससे देर रात यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ा।

कई श्रद्धालु दर्शनी ड्योढ़ी तक पहुंचे और भवन की ओर जाने की अनुमति मांगते रहे, लेकिन सुरक्षा कारणों से श्राइन बोर्ड ने आगे जाने की इजाजत नहीं दी। अंततः उन्हें वापस कटरा लौटना पड़ा।

शनिवार देर शाम मौसम ने फिर करवट बदली थी। आसमान पर घने बादल छा गए और रविवार सुबह तक हल्की बारिश जारी रही। हालांकि उसके बाद मौसम साफ हो गया और दिनभर धूप खिली रही।

श्रद्धालु अब श्राइन बोर्ड से लगातार अपील कर रहे हैं कि चूंकि मौसम सुधर गया है, उन्हें भवन की ओर जाने की अनुमति दी जाए। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि यात्रा बहाल करने का निर्णय मौसम की स्थिति और सुरक्षा एजेंसियों की रिपोर्ट के आधार पर लिया जाएगा।

Related Posts

About The Author