नई दिल्ली: कर्मचारियों और उनके परिवारों के लिए राहत भरी खबर है। एम्प्लॉइज प्रोविडेंट फंड ऑर्गनाइजेशन (EPFO) ने एक अहम सर्कुलर जारी करते हुए नौकरी बदलने वाले कर्मचारियों को बड़ा फायदा दिया है। EPFO के इस नए फैसले के तहत अब वीकेंड या सरकारी छुट्टियों के कारण नौकरी के बीच आया अंतर सर्विस ब्रेक नहीं माना जाएगा। इससे खासतौर पर डेथ क्लेम और बीमा से जुड़े मामलों में होने वाले विवादों पर रोक लगेगी।
छुट्टियों की वजह से नहीं टूटेगी सर्विस
EPFO ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई कर्मचारी एक संस्थान छोड़कर दूसरी जगह नौकरी जॉइन करता है और इस बीच केवल शनिवार, रविवार या कोई घोषित अवकाश आता है, तो इसे सर्विस में ब्रेक नहीं माना जाएगा। पहले ऐसे कई मामले सामने आए थे, जहां वीकेंड के कारण सर्विस को टूटा हुआ मान लिया गया और कर्मचारियों के परिवारों को बीमा व पेंशन लाभ से वंचित रहना पड़ा।
क्यों लिया गया यह फैसला
EPFO के अनुसार, कई मामलों में कर्मचारी की मृत्यु के बाद उनके परिजनों का एम्प्लॉइज डिपॉजिट लिंक्ड इंश्योरेंस (EDLI) क्लेम सिर्फ कुछ दिनों के अंतर की वजह से खारिज कर दिया गया या कम राशि दी गई। कई बार सर्विस की गणना में तकनीकी खामियों के कारण आश्रितों को नुकसान उठाना पड़ा। इन्हीं गड़बड़ियों को दूर करने के लिए यह नया सर्कुलर जारी किया गया है।
लगातार सर्विस की नई परिभाषा
अब यदि किसी कर्मचारी की एक नौकरी खत्म होने और दूसरी नौकरी शुरू होने के बीच केवल वीकली ऑफ, नेशनल हॉलीडे, गजटेड हॉलीडे, स्टेट हॉलीडे या रिस्ट्रिक्टेड हॉलीडे आते हैं, तो उसे लगातार सर्विस माना जाएगा। EPFO ने यह भी साफ किया है कि नौकरी बदलते समय यदि अधिकतम 60 दिनों तक का अंतर होता है, तब भी सर्विस को कंटिन्यूअल माना जाएगा।
EDLI क्लेम में परिवारों को बड़ी राहत
EPFO ने EDLI स्कीम के तहत मिलने वाली न्यूनतम राशि को बढ़ाकर 50,000 रुपये कर दिया है। अब यह न्यूनतम भुगतान नॉमिनी या कानूनी वारिस को तब भी मिलेगा, जब कर्मचारी ने लगातार 12 महीने की सर्विस पूरी न की हो या उसके पीएफ खाते में औसत बैलेंस 50,000 रुपये से कम हो।
किन मामलों में लागू होगा नया नियम
नया नियम उन मामलों में भी लागू होगा, जहां कर्मचारी की मृत्यु उसके आखिरी पीएफ योगदान के छह महीने के भीतर हो जाती है, बशर्ते वह कर्मचारी नियोक्ता के रिकॉर्ड में दर्ज हो। इससे अब परिवारों को बीमा क्लेम के लिए लंबी कानूनी प्रक्रिया और अनावश्यक विवादों से राहत मिलेगी।


