नई दिल्ली: अगले साल होने वाले T20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए टीम इंडिया का ऐलान कर दिया गया है। 20 दिसंबर को मुंबई स्थित बीसीसीआई मुख्यालय में हुई चयन बैठक में चीफ सेलेक्टर अजीत अगरकर की अगुवाई में 15 खिलाड़ियों के नामों पर मुहर लगी। टीम की कप्तानी सूर्यकुमार यादव करेंगे। चयन की औपचारिक घोषणा देवजीत साइकिया ने की।
शुभमन गिल बाहर, अक्षर उप-कप्तान
सबसे चौंकाने वाला फैसला शुभमन गिल को टीम से बाहर रखना रहा। उनकी जगह ईशान किशन की वापसी हुई है। साथ ही अक्षर पटेल को उप-कप्तान बनाया गया है। टीम में रिंकू सिंह की भी वापसी हुई है, जबकि विकेटकीपर-बल्लेबाज जितेश शर्मा को बाहर कर दिया गया है।
गेंदबाज़ी की धार, ऑल राउंड ताकत
पेस अटैक की कमान जसप्रीत बुमराह संभालेंगे। स्पिन विभाग में वरुण चक्रवर्ती और कुलदीप यादव पर भरोसा जताया गया है। ऑलराउंडर के तौर पर हार्दिक पंड्या और शिवम दुबे टीम का संतुलन बढ़ाएंगे।
हालिया फॉर्म बना चयन की वजह
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ T20 सीरीज़ में चुने गए कई खिलाड़ियों का प्रदर्शन शानदार रहा था। तिलक वर्मा चार मैचों में 187 रन बनाकर टॉप स्कोरर रहे, जबकि हार्दिक पंड्या ने 186+ स्ट्राइक रेट के साथ दो अर्धशतकों समेत 142 रन ठोके। गेंदबाज़ी में वरुण चक्रवर्ती ने चार मैचों में 10 विकेट लेकर प्लेयर ऑफ द सीरीज़ का खिताब जीता।
ईशान किशन की वापसी क्यों?
ईशान किशन की वापसी की बड़ी वजह सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में उनका धमाकेदार प्रदर्शन रहा। उन्होंने सबसे ज्यादा रन, सबसे ज्यादा छक्के और सबसे ज्यादा शतक लगाए, कप्तान के तौर पर झारखंड को पहली बार खिताब जिताया और 10 मैचों में 500+ रन बनाए। इसके उलट, शुभमन गिल दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ T20 सीरीज़ की तीन पारियों में कुल 32 रन ही बना सके, यही चयनकर्ताओं के फैसले की प्रमुख वजह बनी।
टीम संयोजन और हालिया फॉर्म के आधार पर चयनकर्ताओं ने स्पष्ट संकेत दे दिया है कि T20 वर्ल्ड कप 2026 में आक्रामकता, फील्डिंग और डेथ-ओवर्स की मजबूती उनकी प्राथमिकता है।
T20 World Cup 2026 के लिए टीम इंडिया
सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन, हार्दिक पंड्या, तिलक वर्मा, अक्षर पटेल (उपकप्तान), शिवम दुबे, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, रिंकू सिंह।


