अहमदाबाद : गुजरात के अहमदाबाद से इंसानियत को शर्मसार करने वाला एक मामला सामने आया है। यहां वाडज इलाके में 21 साल के एक युवक ने बदला लेने के लिए बेजुबान जानवर के साथ क्रूरता की सारी हदें पार कर दीं। युवक ने एक बिल्ली को इतनी बहरमी से पीटा और पत्थरों से कुचला कि उसकी मौत हो गई। इस दिल दहला देने वाली घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
दूध पिलाते समय बिल्ली ने किया था हमला– पुलिस जांच में सामने आया है कि घटना रविवार की है। आरोपी की पहचान राहुल दंतानी के रूप में हुई है। उसकी 20 वर्षीय पत्नी छह महीने की गर्भवती है। बताया जा रहा है कि रविवार को जब राहुल की पत्नी बिल्ली को दूध पिलाने गई, तो बिल्ली ने उस पर हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गई। पत्नी को तुरंत डॉक्टर के पास ले जाया गया, लेकिन इस घटना से गुस्साए राहुल ने बिल्ली से बदला लेने की ठान ली और अपने दो दोस्तों के साथ मिलकर खौफनाक साजिश रची।
बोरेमेंभरा, जमीन पर पटका और पत्थरों से कुचल दिया– सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में आरोपियों की दरिंदगी साफ देखी जा सकती है। आरोपियों ने पहले बिल्ली को एक प्लास्टिक के बोरे में कैद किया और बाइक पर लादकर एक सुनसान मैदान में ले गए। वहां उन्होंने बोरे को बार-बार जमीन पर पूरी ताकत से पटका। इसके बाद जब बिल्ली को बाहर निकाला गया, तो वह अधमरी हो चुकी थी। इसके बावजूद उनका गुस्सा शांत नहीं हुआ। एक युवक ने बिल्ली के सिर पर पैर रखकर उसे दबाए रखा, जबकि दूसरे ने बड़े-बड़े पत्थरों से वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया। इस दौरान तीसरा शख्स मजे लेते हुए इस पूरी घटना का वीडियो बनाता रहा।
पशु क्रूरता के तहत मामला दर्ज– वीडियो के वायरल होते ही पशु प्रेमियों में भारी रोष फैल गया। पशु कल्याण संस्था के सदस्य विरल पटेल ने तुरंत वाडज पुलिस स्टेशन में संपर्क किया और सबूत के तौर पर वीडियो पेश करते हुए शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वीडियो के आधार पर सभी आरोपियों की पहचान कर उन्हें हिरासत में ले लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


