भारत पहुंचे UAE के राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री मोदी ने एयरपोर्ट पर किया स्वागत

Published Date: 19-01-2026

नई दिल्ली :  संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन ज़ाईद अल नाहयान सोमवार शाम एक संक्षिप्त दौरे पर भारत पहुंचे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रोटोकॉल से परे जाकर एयरपोर्ट पर खुद उनकी आगवानी की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच गजब की केमिस्ट्री देखने को मिली। पीएम मोदी ने गर्मजोशी से गले लगाकर शेख मोहम्मद का स्वागत किया, जिसकी तस्वीरें अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई हैं।

पीएम मोदी ने लिखा- अपने‘भाई’ के स्वागत के लिए गया– राष्ट्रपति के स्वागत के बाद पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर तस्वीरों के साथ एक आत्मीय संदेश साझा किया। उन्होंने लिखा, “मैं अपने भाई, यूएई के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन ज़ाईद अल नाहयान का स्वागत करने के लिए एयरपोर्ट गया। उनकी यह यात्रा बताती है कि वे भारत और यूएई की मजबूत दोस्ती को कितना महत्व देते हैं।” प्रधानमंत्री ने इस मुलाकात की जानकारी हिंदी और अंग्रेजी के साथ-साथ अरबी भाषा में भी साझा की, जो दोनों नेताओं के बीच के व्यक्तिगत संबंधों की गहराई को दर्शाता है।

सिर्फ2 घंटे का है दौरा, एक ही गाड़ी में बैठ कर निकले दोनों नेता– यूएई के राष्ट्रपति का यह दौरा बेहद खास और छोटा है। वे मात्र दो घंटे के लिए भारत आए हैं और पीएम मोदी के साथ मुलाकात के बाद सोमवार शाम को ही वापस लौट जाएंगे। दोस्ती की मिसाल पेश करते हुए, पीएम मोदी न केवल एयरपोर्ट पर उन्हें लेने पहुंचे, बल्कि दोनों नेता एक ही गाड़ी में साथ बैठकर आगे की मीटिंग के लिए रवाना हुए। इस दौरान गाड़ी में भी दोनों नेताओं के बीच चर्चा जारी रही। इस संक्षिप्त मुलाकात को कूटनीतिक नजरिए से काफी अहम माना जा रहा है।

 

Related Posts

About The Author