एपस्टीन फाइल्स से संबंध वाली खबरों पर दलाई लामा के ऑफिस ने तोड़ी चुप्पी

Published Date: 08-02-2026

धर्मशाला: अमेरिकी जस्टिस डिपार्टमेंट द्वारा जारी कुख्यात यौन अपराधी जेफ्री एपस्टीन के दस्तावेजों को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच तिब्बती आध्यात्मिक गुरु दलाई लामा के कार्यालय ने बड़ा बयान जारी किया है। सोशल मीडिया और कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा था कि दलाई लामा का नाम इन विवादित फाइलों में शामिल है। इस पर धर्मशाला स्थित उनके कार्यालय ने कड़ी आपत्ति जताते हुए स्पष्ट किया है कि दलाई लामा का अमेरिकी यौन अपराधी और मानव तस्कर जेफ्री एपस्टीन से कभी कोई संबंध नहीं रहा है।

हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला स्थित कार्यालय की ओर से जारी प्रेस बयान में इन खबरों को पूरी तरह भ्रामक और तथ्यहीन करार दिया गया है। बयान में आधिकारिक तौर पर पुष्टि की गई है कि परम पावन 14वें दलाई लामा न तो कभी जेफ्री एपस्टीन से मिले हैं और न ही उन्होंने कभी अपनी ओर से किसी को उनसे मिलने या बातचीत करने की अनुमति दी है। कार्यालय ने चिंता जताई कि हालिया मीडिया रिपोर्ट्स और सोशल मीडिया पोस्ट्स में दलाई लामा को गलत तरीके से एपस्टीन से जोड़ने की कोशिश की जा रही है, जिसका वास्तविकता से कोई लेना-देना नहीं है।

गौरतलब है कि अमेरिकी सरकार जेफ्री एपस्टीन और उसके नेटवर्क से जुड़े लाखों दस्तावेज सार्वजनिक कर रही है। इन फाइलों में ई-मेल, फोटो, नोट्स और अन्य रिकॉर्ड शामिल हैं। पिछले दिनों कुछ रिपोर्ट्स में यह सनसनीखेज दावा किया गया था कि इन दस्तावेजों में दलाई लामा का जिक्र 100 से ज्यादा बार आया है। इन दावों के बाद सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई थी, जिसके बाद अब दलाई लामा के ऑफिस को सामने आकर स्थिति स्पष्ट करनी पड़ी है और सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया गया है।

जेफ्री एपस्टीन अमेरिका का एक हाई-प्रोफाइल फाइनेंसर था, जिसके दुनिया के बड़े राजनेताओं और सेलिब्रिटीज से गहरे संबंध थे। वह अक्सर ऐसी पार्टियां आयोजित करता था जिसमें कई दिग्गज शामिल होते थे। अब तक सामने आई रिपोर्ट्स में वैज्ञानिक स्टीफन हॉकिंग, पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, बिल क्लिंटन और माइकल जैक्सन जैसे बड़े नाम इन दस्तावेजों के जरिए सामने आ चुके हैं। एपस्टीन को सेक्स ट्रैफिकिंग के आरोप में 2019 में गिरफ्तार किया गया था, जिसके बाद उसने पुलिस कस्टडी में ही आत्महत्या कर ली थी।

Related Posts

About The Author