प्रियंका गांधी ने कहा– मोदी और भाजपा फिर सत्ता में आए, तो लूटा जाएगा आरक्षण

झारखंड :गोड्डा और रांची में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने बुधवार को गोड्डा और रांची में चुनावी सभाओं को संबोधित किया। इन सभाओं में उन्होंने जोर देकर कहा कि अगर भाजपा और नरेंद्र मोदी की सरकार फिर से सत्ता में आई, तो आदिवासियों और अन्य पिछड़े वर्गों का आरक्षण खतरे में पड़ सकता है। उन्होंने उपस्थित लोगों से अपील की कि वे भाजपा को हराने के लिए कांग्रेस, झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो), भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआइ), और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के उम्मीदवारों को जिताएं।

प्रियंका गांधी ने अपनी दादी, पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को याद करते हुए कहा कि दादी बताती थीं कि कैसे आदिवासी समाज पर्यावरण और पेड़-पौधों की रक्षा करता है। उन्होंने कहा, “इंदिरा जी के दिल में आदिवासी समाज के प्रति जो श्रद्धा थी, वह आपको कांग्रेस की नीतियों में साफ नजर आएगी।”

सभा में प्रियंका गांधी ने हेमंत सोरेन के जेल भेजे जाने का कड़ा विरोध किया और कहा कि नरेंद्र मोदी ने सोचा था कि हेमंत सोरेन को जेल में भेजकर आदिवासी शक्ति को झुका देंगे, लेकिन ऐसा नहीं हो सकता है। उन्होंने हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन की भी तारीफ की, जो “शेरनी की तरह दहाड़ रही हैं” और जिनके आह्वान पर पूरा आदिवासी समाज हेमंत सोरेन के पक्ष में खड़ा हो चुका है। प्रियंका गांधी ने कहा, “इस बार तख्ता पलटकर आदिवासी समाज और खासकर झारखंड की धरती अपना बदला चुकाएगी।”

प्रियंका गांधी ने रांची में कांग्रेस के प्रत्याशी प्रदीप यादव और रांची से कांग्रेस प्रत्याशी यशस्वी सहाय को चुनाव में जिताने की अपील की। सभा को कल्पना सोरेन ने भी संबोधित किया। उन्होंने अपने जोशिले भाषण में कहा, “जुल्म का विरोध करना झारखंड की फितरत है। अंग्रेजों को जब भगा सकते हैं, झारखंड अलग राज्य जब हासिल कर सकते हैं तो फिर नरेंद्र मोदी के अत्याचार का भी विरोध कर सकते हैं।”

कल्पना सोरेन ने विश्वास जताया कि झारखंड की सभी 14 सीटों पर झामुमो की जीत होगी।

Related Posts

About The Author