नयी दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी नामीबिया की राष्ट्रपति नेटुम्बो नंदी-नदैतवा के निमंत्रण पर बुधवार को नामीबिया के विंडहोक पहुंचे। यहां पीएम मोदी का पारंपरिक डांस के साथ भव्य स्वागत हुआ। मोदी ने सोशल मीडिया ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “कुछ देर पहले विंडहोक पहुँचा। नामीबिया एक मूल्यवान और विश्वसनीय अफ्रीकी साझेदार है जिसके साथ हम द्विपक्षीय सहयोग बढ़ाना चाहते हैं। राष्ट्रपति डॉ. नेटुम्बो नंदी-नदैतवा से मिलने और आज नामीबियाई संसद को संबोधित करने के लिए उत्सुक हूँ।”
इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी खुद को रोक नहीं पाए और उन्होंने खुद नामीबियाई पारंपरिक ढोलक भी बजाया। नामीबियाई राष्ट्रपति नेटुम्बो नंदी-नदैतवा के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। यह प्रधानमंत्री मोदी की नामीबिया की पहली और भारत से किसी प्रधानमंत्री की तीसरी यात्रा है। वह अपनी पाँच देशों की यात्रा के पाँचवें एवं अंतिम चरण में विंडहोक पहुँचे हैं। अपनी यात्रा के दौरान मोदी नामीबिया की राष्ट्रपति के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। इसके अतिरिक्त, वह नामीबिया के संस्थापक पिता एवं प्रथम राष्ट्रपति डॉ. सैम नुजोमा को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।


