भारत समुद्री सप्ताह (आईएमडब्ल्यू) 2025 का आयोजन 27 से 31 अक्टूबर तक मुंबई में किया जाएगा
नई दिल्ली: भारत सरकार के पोर्ट्स, शिपिंग और जलमार्ग मंत्रालय (MoPSW) ने आज नई दिल्ली के ताज मानसिंह होटल में अंबेसडर्स’ राउंडटेबल मीट आयोजित की। यह बैठक आगामी इंडिया मैरिटाइम वीक 2025 (27 से 31 अक्टूबर, नेस्को एक्ज़िबिशन सेंटर, मुंबई) से पहले आयोजित की गई। इसमें 25 से अधिक देशों के राजदूतों, उच्चायुक्तों, वरिष्ठ अधिकारियों और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।

बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने की। उन्होंने कहा कि समुद्री क्षेत्र भारत की अर्थव्यवस्था, व्यापार और वैश्विक सहयोग को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने जोर दिया कि विकास के साथ-साथ पर्यावरण और पारिस्थितिकी का संतुलन बनाए रखना ज़रूरी है।
राज्यमंत्री शंतनु ठाकुर ने बताया कि सरकार बंदरगाहों के आधुनिकीकरण, अंतर्देशीय जलमार्गों के विस्तार और हरित व डिजिटल शिपिंग में निवेश बढ़ाने पर काम कर रही है।
बैठक में विदेश सचिव विक्रम मिस्री सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने भारत की समुद्री दृष्टि और वैश्विक साझेदारी के बीच तालमेल पर विचार साझा किए।
अंत में मंत्री सोनोवाल ने कहा कि इंडिया मैरिटाइम वीक 2025 भारत को वैश्विक समुद्री हब बनाने और अंतरराष्ट्रीय साझेदारियों को मजबूत करने का मंच साबित होगा।


