ओड़िशा से लड़की का अपहरणकर्ता को आरपीएफ ने रांची स्टेशन से दबोचा

झारखंड:रांची के रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक नाबालिग लड़की के अपहरणकर्ता को रांची स्टेशन पर गिरफ्तार कर लिया। इस अभियुक्त का नाम अमित दास (उम्र 26 वर्ष) है, जो ओडिशा के नवरंगपुर जिले के उमरकोट थाना अंतर्गत अशोक मार्ग, रोड वार्ड नंबर 3 का निवासी है।

ओडिशा पुलिस द्वारा मंडल सुरक्षा आयुक्त, रांची पवन कुमार को सूचित किया गया था कि कृतिका दास (उम्र 17 वर्ष), जो रायगढ़ा टाउन जिला रायगढ़ा, ओडिशा की निवासी है, का अपहरण कर लिया गया है। इस मामले में लांजीगढ़ पुलिस थाना, ओडिशा में केस नं. 56/2024 दिनांक 19.05.2024 को धारा 363/294/506/34 आईपीसी के तहत मामला दर्ज है।

मंडल सुरक्षा आयुक्त को सूचना मिलते ही उन्होंने निरीक्षक दिगंजय शर्मा को त्वरित कार्यवाही के निर्देश दिए। इसके पश्चात, निरीक्षक रांची ने अपनी टीम के साथ रांची स्टेशन पर तलाशी अभियान शुरू किया और आरोपी अमित दास को नाबालिग लड़की के साथ प्लेटफॉर्म नंबर 01 पर पकड़ लिया। इस अभियान में नन्हे फरिश्ते टीम के सदस्य सुमन मिंज और अंजना कुमारी ने महत्वपूर्ण योगदान दिया।

सभी कानूनी औपचारिकताओं को पूरा करने के बाद नाबालिग लड़की को प्रेमाश्रय को सौंप दिया गया। इस संबंध में लड़की के पिता और ओडिशा पुलिस को भी सूचित किया गया। इसके बाद, 01 जून 2024 की सुबह लांजीगढ़ थाना की टीम रांची पहुंची, जहां आरपीएफ ने आरोपी अमित दास को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए उनके हवाले कर दिया।

इस घटना ने एक बार फिर से आरपीएफ की तत्परता और कर्तव्यनिष्ठा को साबित किया है, जिससे नाबालिग लड़की को सुरक्षित बचाया जा सका और आरोपी को कानून के हवाले किया गया।

Related Posts

About The Author